देश के कई हिस्सों में मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज अभी भी बदला हुआ है। मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को उत्तर भारत समेत देश के 16 राज्यों में बारिश, आंधी और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी है।
उत्तर प्रदेश में 8 अक्टूबर को कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका है। पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई इलाकों में मौसम खराब रह सकता है। लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश, आंधी और गरज-चमक का असर देखने को मिल सकता है।
कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में बादल छाए रहने और कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ तेज हवा और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा। दिल्ली में 8 अक्टूबर को अधिकतम तापमान करीब 33 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 22-23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
बिहार के कई जिलों में 8 अक्टूबर को बारिश के साथ आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। झारखंड में भी कई इलाकों में तेज बारिश और हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की चेतावनी है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। कई इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का अलर्ट है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है।
पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। वहीं तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश समेत दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की विदाई शुरू होने के बावजूद कई सक्रिय मौसम प्रणालियों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और आंधी का दौर अभी कुछ दिन और जारी रह सकता है।