मुजफ्फरपुर के श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की घटना से हड़कंप मच गया। यहां हॉस्टल से गायनेकोलॉजी विभाग की ओर जा रही एक महिला डॉक्टर को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और उनके गले से करीब एक लाख रुपये की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना अस्पताल परिसर में पोस्टमार्टम हाउस के पास हुई।
जानकारी के मुताबिक, महिला डॉक्टर डॉ. मधुलिका सिंह अपने हॉस्टल से विभाग की ओर जा रही थीं। तभी काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने अचानक डॉक्टर के गले पर झपट्टा मारा और चेन खींच ली। डॉक्टर जब तक कुछ समझ पातीं, दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
इस दौरान डॉक्टर को संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हलचल मच गई। पीड़ित डॉक्टर ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
वारदात के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। शुरुआती जांच में एक काले रंग की बाइक पर सवार दो संदिग्ध नजर आए हैं। पुलिस अब फुटेज की मदद से उनकी पहचान करने और बाइक से जुड़ी जानकारी जुटाने में लगी है।
SKMCH ओपी प्रभारी पिंटू कुमार के मुताबिक, महिला डॉक्टर की लिखित शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी और सुरक्षा गार्डों की तैनाती के बावजूद इस तरह की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। SKMCH में डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों, नर्सिंग स्टाफ और मरीजों का लगातार आना-जाना लगा रहता है। ऐसे में परिसर के भीतर दिनदहाड़े चेन झपटमारी की घटना ने कर्मचारियों की चिंता बढ़ा दी है।
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के बीच अब परिसर में सुरक्षा और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग उठ रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।