logo
Top ads
Breaking News
Blog single photo

विधानसभा उपचुनाव को लेकर सपा ने सजाया मैदान, दिग्गजों के हाथों में होगी चुनाव की कमान

विधानसभा उपचुनाव को लेकर सपा ने अपना मैदान सजा दिया है। दिग्गजों के हाथ में चुनाव की कमान सौंपने के साथ प्रत्याशियों के चयन में भी सपा सतर्कता बरत रही है। सपा ने राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव सहित कई दिग्गजों को अगस्त में ही छह सीटों का चुनाव प्रभारी बनाकर चुनावी बिगूल फूंक दिया है। इन छह सीटों पर ही अब तक सपा ने अपने प्रत्याशी भी घोषित किए हैं। अब शेष चार सीटों में से सपा दो और पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। सपा गठबंधन में गाजियाबाद सदर सीट कांग्रेस को दे सकती है। सूत्रों के मुताबिक अलीगढ़ की खैर सीट के लिए भी सपा व कांग्रेस में बात चल रही है।

उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होना था। इसमें से पांच सीटों पर सपा ने जीत दर्ज की थी। मंगलवार को जिन नौ सीटों पर उपचुनाव की घोषणा की गई, उनमें वर्ष 2022 के चुनाव में चार सीटें करहल, कटेहरी, कुंदरकी व सीसामऊ सपा ने जीती थीं। मीरापुर सीट पर आरएलडी ने सपा के साथ गठबंधन में जीत दर्ज की थी। सपा ने शिवपाल सिंह यादव को कटेहरी सीट की कमान सौंपी है। फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव को मिल्कीपुर सीट का प्रभारी बनाया है। हालांकि, इस सीट पर अभी उपचुनाव घोषित नहीं हुआ है।

चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह को मझवां, पूर्व मंत्री चंद्रदेव यादव को करहल, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज को फूलपुर और विधायक राजेंद्र कुमार को सीसामऊ सीट का प्रभारी बनाया गया है। सपा ने अब तक गाजियाबाद, खैर, मीरापुर और कुंदरकी सीट पर अपने प्रभारी घोषित नहीं किए हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने करहल सीट जीती थी। अखिलेश यादव ने भतीजे तेज प्रताप यादव को करहल से उतारा है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी राजलक्ष्मी यादव के पति तेज प्रताप यादव वर्ष 2014 में मैनपुरी सीट से सांसद चुने गए थे।

इस बार लोकसभा चुनाव में उनको कन्नौज से प्रत्याशी घोषित किया गया था, हालांकि अंतिम समय में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के चुनाव मैदान में उतर आए थे। कानपुर की सीसामऊ सीट से सपा के इरफान सोलंकी पिछली बार विजयी हुए थे। कोर्ट से मिली सजा के चलते विधायकी गंवाने वाले इरफान सोलंकी की पत्नी नसीम सोलंकी इस सीट से उपचुनाव लड़ेंगी।

Admin

footer
Top