logo
Top ads
Breaking News
Blog single photo

समोसा-पकौड़े से हो गए बोर? चना दाल से बनाएं कानपुर का फेमस भकोसा, स्वाद ऐसा कि बार-बार मांगेंगे

शाम की चाय के साथ अगर आप रोज समोसा, पकौड़ा या नमकीन खाकर बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ देसी और अलग ट्राई कर सकते हैं। कानपुर का मशहूर भकोसा चना दाल से तैयार होने वाला ऐसा नाश्ता है, जो स्वाद में चटपटा और मसालेदार होता है। इसे घर पर बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ती। चना दाल के साथ अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और कुछ मसालों से इसका भरावन तैयार किया जाता है और आखिर में सरसों के तेल का तड़का लगाया जाता है।

भकोसा बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

घर पर कानपुर स्टाइल भकोसा बनाने के लिए आपको 100 ग्राम चना दाल, 1 इंच अदरक, 5-6 लहसुन की कलियां और 2 हरी मिर्च चाहिए।

इसके अलावा लाल मिर्च पाउडर, काला नमक, सामान्य नमक और थोड़ा जीरा स्वाद के लिए इस्तेमाल किया जाता है। भकोसे के तड़के के लिए सरसों का तेल, राई, जीरा, हरी मिर्च, करी पत्ता और हरा धनिया लिया जाता है।

सबसे पहले तैयार करें चना दाल का मिश्रण

सबसे पहले चना दाल को अच्छी तरह धोकर कुछ देर पानी में भिगो दें। इसके बाद दाल को पानी से निकालकर मिक्सर में डालें। इसमें अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और थोड़ा पानी डालकर दरदरा पीस लें।

ध्यान रखें कि दाल का पेस्ट बहुत ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए। अब इस मिश्रण को एक बर्तन में निकालकर इसमें लाल मिर्च, काला नमक, स्वादानुसार नमक और जीरा डालकर अच्छी तरह मिला लें।

दाल के पेस्ट को हल्का पकाएं

तैयार दाल के मिश्रण को करीब 8 से 10 मिनट तक पकाएं। इस दौरान इसे लगातार या बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि मिश्रण बर्तन के तले में चिपके नहीं।

जब दाल का मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें और इसे कुछ देर ठंडा होने दें।

आटे में भरें मसालेदार दाल

अब आटे की लोई बनाकर उसे पूरी की तरह बेल लें। इसके बीच में तैयार चना दाल का मसाला रखें और इसे अच्छी तरह बंद कर दें। इसे आप गुझिया जैसी शेप भी दे सकते हैं।

इसी तरह बाकी आटे और दाल के मिश्रण से सभी भकोसे तैयार कर लें। इसके बाद इन्हें गर्म पानी में डालकर उबालना होता है। उबलने के बाद भकोसों को बाहर निकालकर ठंडा कर लें।

अब आएगा असली स्वाद, लगाएं देसी तड़का

जब भकोसे ठंडे हो जाएं तो उन्हें बीच से काट लें। अब एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें राई और जीरा डालकर चटकने दें।

इसके बाद हरी मिर्च और करी पत्ता डालें। हल्का भूनने के बाद कटे हुए भकोसे पैन में डालकर मसाले के साथ अच्छी तरह मिला लें। आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें।

गरमागरम भकोसा तैयार है। इसे आप चाय के साथ स्नैक के तौर पर या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं।

कानपुर का भकोसा क्यों है खास?

भकोसे की खासियत इसका देसी स्वाद है। इसमें चना दाल का स्वाद, हरी मिर्च का तीखापन और सरसों के तेल की खुशबू मिलती है। ऊपर से राई, जीरा और करी पत्ते का तड़का इसे और जायकेदार बना देता है।

अगर आप घर पर रोज के नाश्ते से कुछ अलग बनाना चाहते हैं, तो कानपुर का यह पारंपरिक भकोसा एक विकल्प हो सकता है।

नोट: रेसिपी में इस्तेमाल होने वाली मिर्च और मसालों की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार कम या ज्यादा की जा सकती है।

 

Admin

footer
Top