नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व एनसीआर क्षेत्र में मौसम एक बार फिर साफ हो गया है। कुछ दिन पहले दिल्ली-एनसीआर के आसमान में बादल छा गए थे। वहीं, अब दिन में धूप निकलने से मौसम साफ बना हुआ है। दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड समेत ऊंचे पहाड़ी वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।

दिल्ली में शनिवार को तापमान में और गिरावट के आसार

दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार की सुबह 'बेहद खराब' श्रेणी के निचले स्तर पर बनी रही। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फोरकास्टिंग एंड रिसर्च (SAFAR) के अनुसार औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 303 दर्ज किया गया। शुक्रवार शाम AQI 295 पर रिकॉर्ड किया गया था। दिल्ली में शनिवार को तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है। शहर में न्यूनतम तापमान 9-10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। दिल्ली में कई जगहों पर सुबह हल्की कोहरा देखा गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।