वैलेंटाइन्स डे पर अगर आप कोई स्पेशल रेसिपी बनाकर अपने पार्टनर को सरप्राइज करना चाहते हैं, तो आप होममेड फ्रूट केक बनाकर उन्हें इम्प्रेस कर सकते हैं। इसकी रेसिपी बहुत आसान है। आइए, जानते हैं कि कैसे बनाएं फ्रूट केक-
फ्रूट केक बनाने के लिए सामग्री-
मैदा – डेढ़ कप
शुगर पाउडर – 1/2 कप
दूध – 3/4 कप
कंडेन्स्ड मिल्क – 1/2 कप
मक्खन – 3/4 कप
टूटी फ्रूटी – 1/2 कप
अखरोट – 1/2 कप
काजू – 1/2 कप
बादाम – 1/2 कप
किशमिश – 1/2 कप
बेकिंग सोड़ा – 1/2 टीस्पून
बेकिंग पाउडर – 1 टीस्पून
फ्रूट केक बनाने की विधि-
फ्रूट केक बनाने के लिए सबसे पहले ड्राई फ्रूट्स (काजू, बादाम, अखरोट) को लें और उनके टुकड़े कर लें। इसके बाद किशमिश को कपड़े से साफ कर लें।अब एक बर्तन में मैदा लें और उसमें बेकिंग सो़ड़ा और बेकिंग पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर दें और फिर उसे छान लें। अब एक बर्तन लें और उसमें पिघला हुआ मक्खन डालकर उसमें कंडेन्स्ड मिल्क और शुगर पाउडर मिला दें। इसके बाद इस मिश्रण को अच्छी तरह से फेंट लें। जब मिश्रण फूला-सा नजर आने लगे, तो फेटना बंद कर दें।
अब इस मिश्रण में दूध डालें और दोबारा फेंट लें. इसके बाद मिश्रण में छानकर रखा मैदा डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। आखिर में मिश्रण में कटे हुए ड्राई फ्रूट्स, किशमिश और टूटी फ्रूटी डालकर सभी को अच्छी तरह से फेंटते हुए मिक्स कर दें।
अब ओवन को 180 डिग्री सेंटिग्रेड पर प्रीहीट करने के लिए रख दें। इसके बाद केक बनाने वाले बर्तन के तले में मक्खन लगाकर उसे चिकना कर दें। अब बर्तन के तेल की साइज का बटर पेपर काटर उसमें रख दें और उस पर भी बटर लगा दें। अब इस बर्तन में तैयार किया हुआ मिश्रण डाल दें। इसके बाद लगभग 25 मिनट तक ओवन में केक को बेक करें। इसके बाद केक सेट हो जाएगा।
केक पूरी तरह से बेक हो जाने के बाद उसे ओवन से निकाल लें और ठंडा होने के लिए रख दें। ठंडा होने के बाद तेज चाकू की मदद से केक के चारों ओर घुमाकर उसे बर्तन से अलग कर लें और फिर निकाल लें।