नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क। कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। गुजरात चुनाव के बीच कांग्रेस की यह यात्रा महाराष्ट्र से होकर गुजर रही है। गुरुवार को राहुल गांधी ने मीडिया को सवालों के जवाब दिए। मीडिया ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वह 2024 के आम चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं? इस पर राहुल गांधी ने जवाब दिया कि यह सवाल भारत जोड़ो यात्रा से ध्यान हटाने की कोशिश को लेकर है।
राहुल गांधी ने कहा, देश में हैं ये बड़ी समस्याएं
इस दौरान राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर सीधे तौर पर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा कि देश में मुझे दो बड़ी समस्याएं दिखाई देती हैं। युवाओं को नौकरी मिलने का भरोसा नहीं है। किसानों को कहीं से समर्थन नहीं मिल रहा है। तीसरी सबसे बड़ी समस्या है लोग शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए ज्यादा पैसा दे रहे हैं। क्योंकि सरकारी स्कूल, कॉलेज और अस्पताल बंद हो रहे हैं। सरकार का ये पैसा कहां जा रहा है।
सरकार और देश का फर्ज है किसानों की रक्षा
राहुल गांधी ने कहा कि किसानों की रक्षा करने की जरूरत है। हमारे किसान देश को भोजन देते हैं, उन्हें छोड़ना नहीं है। सरकार और देश का फर्ज बनता है कि किसानों की रक्षा की जाए।
भारत जोड़ो यात्रा हर समस्या को प्रमुखता से उठाने का मंच
मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश समस्याओं से जू़झ रहा है, ये समस्याएं भाजपा सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। भारत जोड़ो यात्रा हर समस्या को प्रमुखता से उठाने का मंच है। हम कई मुद्दों पर सवाल उठा रहे हैं। हमारे ये मुद्दा युवा, महिला, किसान, मजदूर व आमजन के साथ हैं।



.jpg)