logo
Top ads
Breaking News
Blog single photo

‘मम्मा, प्लीज मुझे बचा लो…’, रायबरेली में मां-बेटी की कार पर ईंट-पत्थरों से हमला, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश के रायबरेली में अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जा रही एक महिला की कार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने रास्ते में कार रोककर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे गाड़ी के शीशे टूट गए और मां-बेटी घायल हो गईं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें बच्ची डरकर अपनी मां से बचाने की गुहार लगाती सुनाई दे रही है।

स्कूल जाते समय रास्ते में रोकी कार

घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के उड़वा गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, रिद्धिमा सिंह अपनी 12 वर्षीय बेटी को कार से स्कूल छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली और उस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया।

हमले के दौरान कार के शीशे टूट गए। गाड़ी के अंदर बैठी बच्ची बुरी तरह घबरा गई और अपनी मां से कहने लगी, “मम्मा, प्लीज मुझे बचा लो।” मां-बेटी दोनों को चोटें आई हैं।

जमीन विवाद को बताया जा रहा वजह

पुलिस के मुताबिक, महिला और ग्राम प्रधान रमेश मिश्रा के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। शुरुआती जानकारी में इसी विवाद को घटना की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है।

तीन आरोपी हिरासत में

घटना की जानकारी मिलने के बाद जगतपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। महिला की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों और चार से पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला, मारपीट और धमकी देने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

दूसरे पक्ष के आरोपों की भी जांच

पुलिस ने बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से भी मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। इसलिए जांच में दोनों पक्षों की शिकायतों और घटना से जुड़े साक्ष्यों को शामिल किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Admin

footer
Top